देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में केंद्र सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुपालन में राज्य स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान में राज्य में स्थिति सामान्य है, लेकिन किसी भी अप्रत्याशित परिस्थिति से निपटने के लिए सभी विभागों और अधिकारियों को सदैव तत्पर रहना चाहिए। सीमावर्ती इलाकों में कड़ी निगरानी और सामरिक महत्व के स्थलों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए, मुख्यमंत्री ने गहन जांच अभियान चलाने के सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने संवेदनशील स्थानों, महत्वपूर्ण ठिकानों, चारधाम यात्रा मार्गों और अन्य रास्तों पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने का आह्वान किया है। मुख्यमंत्री ने सत्यापन प्रक्रिया में तेजी लाने और संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर उनका तत्काल सत्यापन सुनिश्चित करने के आदेश दिए हैं। इसके अतिरिक्त, उन्होंने सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर प्रसारित हो रही संवेदनशील खबरों और भ्रामक जानकारियों का संज्ञान लेते हुए त्वरित कार्रवाई करने के लिए भी निर्देशित किया है।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि राज्य सरकार पूरे प्रदेश में मॉक ड्रिल का आयोजन करेगी। उन्होंने सभी जनपदों में संभावित खतरों की चेतावनी के लिए सायरन की व्यवस्था करने और सीमावर्ती क्षेत्रों के स्थानीय निवासियों के साथ संवाद स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि देश की वर्तमान स्थिति में, उत्तराखंड के सभी निवासी सैनिकों के साथ एकजुट हैं और राज्य सरकार सैनिकों और उनके परिवारों के साथ हर स्थिति में खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा मार्गों पर सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन से कड़ी निगरानी रखने और आवश्यकता पड़ने पर कैमरों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को राज्य में खाद्यान्न, चिकित्सा उपकरणों और दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया।
मुख्य सचिव को सभी सचिवों को विभिन्न यात्रा मार्गों का स्थलीय निरीक्षण करने के लिए भेजने का निर्देश दिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा का सुगम और सुरक्षित संचालन सरकार की प्राथमिकता है और सभी सचिवों को समय-समय पर यात्रा मार्गों का निरीक्षण करना चाहिए। उन्होंने अन्य धार्मिक यात्राओं में भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने और हेली सेवाओं का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा की वास्तविक समय में निगरानी करने और मानसून से पहले सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़े : Chardham Yatra: 4 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन, मुख्यमंत्री ने अफवाहों से बचने की अपील की
भ्रष्टाचार के प्रति अपनी सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति को दोहराते हुए, मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को भ्रष्टाचार की शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आम जनता को परेशान करने वाले किसी भी भ्रष्ट व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
बैठक में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, शैलेश बगौली, सचिन कुर्वे, रविनाथ रामन, पंकज पांडे, एडीजी एपी अंशुमान, नीतेश झा, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।