देहरादून: हाल ही में उत्तराखंड में आई प्राकृतिक आपदाओं के कारण प्रभावित हुए लोगों की सहायता के लिए, सीएम धामी को आज सत्संग संस्था ने ₹1 करोड़ की धनराशि का चेक मुख्यमंत्री राहत कोष में सौंपा। देहरादून स्थित मुख्यमंत्री आवास में संस्था के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से भेंट की।
मुख्यमंत्री धामी ने इस सहयोग के लिए संस्था का हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह योगदान आपदा प्रभावित लोगों के पुनर्वास और सहायता कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने आगे कहा कि जब भी राज्य पर कोई संकट आता है, सामाजिक और धार्मिक संस्थाएं हमेशा सेवा और सहयोग की भावना से आगे बढ़कर कार्य करती हैं। यह उत्तराखंड की साझी संवेदना और सेवा संस्कृति को दर्शाता है।
यह भी पढ़े: Uttarakhand LUCC Chit Fund Scam: करोड़ की ठगी, सीबीआई जांच, जाने क्या है पूरा मामला?
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हाल ही में भारी बारिश, भूस्खलन और बाढ़ जैसी आपदाओं से जान-माल का नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार राहत और पुनर्वास कार्यों को युद्ध स्तर पर चला रही है। ऐसे समय में समाज के हर वर्ग और संस्थाओं का सहयोग बेहद जरूरी और प्रेरणादायक है। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार ऐसे सकारात्मक और सहयोगी प्रयासों का हमेशा स्वागत करती है।
इस अवसर पर सत्संग संस्था की ओर से सुश्री रितु कंडियाल सहित अन्य सदस्य भी उपस्थित थे।
