देहरादून: मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज ओएनजीसी के डॉ. बी.आर. अम्बेडकर ग्राउंड में ओएनजीसी ऑफिसर्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित ‘Drug-Free Uttarakhand Walkathon’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने उपस्थित प्रतिभागियों और युवाओं को नशामुक्त उत्तराखण्ड के निर्माण की शपथ दिलाई और इस सामाजिक अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह वॉकथॉन महज एक आयोजन नहीं, बल्कि समाज में जागरूकता फैलाने और एक स्वस्थ व सशक्त उत्तराखण्ड की नींव रखने वाला महत्वपूर्ण जन-आंदोलन है। उन्होंने इस सफल पहल के लिए आयोजकों, ओएनजीसी ऑफिसर्स एसोसिएशन और विशेष रूप से एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री देवेन्द्र सिंह बिष्ट की सराहना की।
नशे के खिलाफ जन-भागीदारी जरूरी
मुख्यमंत्री धामी ने स्पष्ट किया कि नशे के खिलाफ लड़ाई सिर्फ पुलिस और प्रशासनिक तंत्र के भरोसे नहीं जीती जा सकती। इसके लिए अभिभावकों, शिक्षकों, सामाजिक संस्थाओं और समाज के हर वर्ग को आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि विद्यालयों, कॉलेजों, कार्यस्थलों और खेल मैदानों के माध्यम से नशामुक्ति का संदेश हर घर और गांव तक पहुंचाने की जरूरत है।
युवाओं को प्रदेश की सबसे बड़ी पूंजी बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस उम्र में युवाओं के हाथों में किताबें होनी चाहिए और खेल मैदान में हुनर दिखना चाहिए, उस उम्र में यदि वे नशे की चपेट में आते हैं तो न सिर्फ उनके सपने टूटते हैं बल्कि पूरे परिवार की उम्मीदें बिखर जाती हैं। उन्होंने युवाओं से खेल, योग, स्वस्थ जीवनशैली और अच्छी संगति अपनाने की अपील की।
सरकार की रणनीति: सख्त कार्रवाई और पुनर्वास
राज्य सरकार के प्रयासों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड को पूरी तरह ड्रग-फ्री बनाने के लिए नशे के अवैध कारोबारियों पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही जनजागरूकता, उपचार, परामर्श और पुनर्वास पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है ताकि प्रभावित युवाओं को मुख्यधारा में वापस लाया जा सके।
उन्होंने देवभूमि की गौरवशाली विरासत को रेखांकित करते हुए कहा कि राज्य के युवाओं को शिक्षा, खेल, कौशल विकास, स्टार्टअप और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ना है। मुख्यमंत्री ने सभी से ‘नशे को ना, जिंदगी को हां’ के मंत्र को अपने दैनिक आचरण में ढालने की अपील की।
गणमान्य व्यक्तियों की रही मौजूदगी
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री खजान दास, विधायक श्रीमती सविता कपूर, उत्तराखण्ड राज्य पिछड़ा वर्ग कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष श्री अशोक वर्मा, डॉ. विकास लोईवाल तथा ओएनजीसी ऑफिसर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री देवेन्द्र सिंह बिष्ट सहित कई गणमान्य नागरिक और भारी संख्या में युवा उपस्थित रहे।




