देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों की जनभावनाओं का सम्मान करते हुए शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर महानवमी के दिन सार्वजनिक अवकाश घोषित करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री के इस निर्णय के बाद, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव द्वारा तत्काल प्रभाव से आदेश जारी कर दिए गए हैं।
जारी आदेश के अनुसार, दिनांक 01 अक्टूबर 2025 को उत्तराखंड राज्य सरकार के सभी कार्यालयों में सार्वजनिक अवकाश रहेगा। इसके अतिरिक्त, राज्य के बैंक एवं कोषागारों में भी इस दिन अवकाश रहेगा, जिससे प्रदेशवासियों को महानवमी पर्व को उत्साह और भक्ति के साथ मनाने का अवसर मिल सके।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने इस अवसर पर प्रदेशवासियों को महानवमी की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि नवरात्रि का यह पर्व समाज में नारी शक्ति के महत्व और सम्मान को प्रदर्शित करता है। यह हमारी समृद्ध, सांस्कृतिक और धार्मिक परंपराओं का भी एक अभिन्न प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने सभी प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की, और उम्मीद जताई कि यह अवकाश लोगों को अपने परिवार और समुदाय के साथ इस महत्वपूर्ण पर्व को मनाने में सहायता करेगा।
यह भी पढ़े: उत्तराखंड में बगड़ : पर्वतीय अंचल की भू-सांस्कृतिक पहचान
यह निर्णय प्रदेश की सांस्कृतिक और धार्मिक भावनाओं के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।`
