पिथौरागढ़: पिथौरागढ़ जिले की तहसील पिथौरागढ़ के अंतर्गत आने वाले खूनी गांव का नाम अब आधिकारिक रूप से देवीग्राम कर दिया गया है। इस ऐतिहासिक निर्णय की अधिसूचना उत्तराखण्ड शासन के राजस्व विभाग द्वारा जारी की जा चुकी है। नाम परिवर्तन की यह प्रक्रिया मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के विशेष प्रयासों और भारत सरकार की अनुमति के उपरांत पूरी हो पाई।
मुख्यमंत्री धामी ने जानकारी देते हुए बताया कि स्थानीय निवासियों द्वारा लंबे समय से गांव का नाम बदलने की मांग की जा रही थी। “ग्रामीणों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने भारत सरकार से औपचारिक अनुमोदन प्राप्त किया और अब यह मांग पूरी हो चुकी है,” उन्होंने कहा।
अब यह गांव आधिकारिक रूप से देवीग्राम के नाम से जाना जाएगा। इससे न केवल गांव की पहचान में सकारात्मक परिवर्तन होगा, बल्कि यह कदम उत्तराखण्ड सरकार की सांस्कृतिक संवेदनशीलता और जनभावनाओं के प्रति प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।
यह भी पढ़े: नंदा देवी की कथा और अल्मोड़ा नंदा देवी मंदिर का इतिहास
स्थानीय निवासियों ने इस निर्णय का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि नए नाम से गांव की सामाजिक छवि में सुधार होगा और क्षेत्र में सकारात्मक माहौल बनेगा। प्रशासनिक स्तर पर भी अब सभी सरकारी दस्तावेजों, रिकॉर्ड और पट्टों में “देवीग्राम” नाम का उपयोग किया जाएगा।
