Uttarakhand Board Result 2026: उत्तराखंड बोर्ड के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के लाखों परीक्षार्थियों के लिए बड़ी खबर है। उनका परीक्षा परिणाम को लेकर चल रहा इंतजार अब जल्द ही खत्म होने वाला है। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद (UBSE) इसी महीने यानी अप्रैल के अंतिम सप्ताह तक बोर्ड परीक्षाओं का रिजल्ट घोषित करने की तैयारी में है।
आज समाप्त होगा मूल्यांकन का कार्य
प्रदेशभर के 29 मूल्यांकन केंद्रों पर चल रहा उत्तर पुस्तिकाओं की जांच का काम आज, शुक्रवार यानी 10 अप्रैल को पूरी तरह संपन्न हो जाएगा। गौरतलब है कि मूल्यांकन के लिए 27 मार्च से 10 अप्रैल तक की समय सीमा निर्धारित की गई थी। परिषद की मुस्तैदी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बीते गुरुवार तक ही अधिकांश केंद्रों पर शत-प्रतिशत मूल्यांकन कार्य पूर्ण कर लिया गया था।
परीक्षा से जुड़ी मुख्य जानकारियां
इस वर्ष उत्तराखंड बोर्ड की परीक्षाओं का आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। परीक्षा से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण आंकड़े इस प्रकार हैं:
- परीक्षा अवधि: 21 फरवरी से 20 मार्च 2026 तक।
- कुल परीक्षा केंद्र: 1261 केंद्र।
- परीक्षार्थियों की संख्या:
- हाईस्कूल (10वीं): 1,12,266 विद्यार्थी।
- इंटरमीडिएट (12वीं): 1,02,986 विद्यार्थी।
- मूल्यांकन टीम: प्रदेशभर के लगभग 5000 शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई थी।
रिजल्ट की तैयारी तेज
मूल्यांकन कार्य पूरा होने के बाद अब परिषद का पूरा ध्यान अंकों को ऑनलाइन पोर्टल पर अपडेट करने और अंतिम परिणाम तैयार करने पर है। बोर्ड के अधिकारियों के अनुसार, यदि सब कुछ तय योजना के अनुसार रहा, तो अप्रैल के आखिरी हफ्ते में बोर्ड मुख्यालय (रामनगर) से आधिकारिक तौर पर नतीजों की घोषणा कर दी जाएगी।
छात्र अपना रिजल्ट उत्तराखंड बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकेंगे। रिजल्ट जारी होने की सटीक तारीख की घोषणा परिषद द्वारा अगले कुछ दिनों में की जा सकती है।
