Udham Singh Nagar: पहाड़ों से लेकर मैदानों तक ठंड का प्रकोप जारी है। ऊधमसिंह नगर जनपद में पड़ रही कड़ाके की ठंड और घने कोहरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने नन्हे-मुन्ने बच्चों के हित में बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी ने जनपद के समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों में 5 दिनों का अवकाश घोषित कर दिया है।
मौसम विभाग की चेतावनी के बाद फैसला मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान और वर्तमान में गिरते तापमान के मद्देनजर जिलाधिकारी ने यह आदेश जारी किया है। आदेश के अनुसार, जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र दिनांक 06 जनवरी 2026 से 10 जनवरी 2026 तक बंद रहेंगे।
बच्चों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता शीतलहर और अत्यधिक ठंड का सबसे बुरा असर छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ता है। सुबह के समय घने कोहरे और गलन वाली ठंड के कारण बच्चों का घर से निकलना मुश्किल हो रहा था। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने एहतियातन यह कदम उठाया है, ताकि बच्चों को ठंड से होने वाली बीमारियों से बचाया जा सके।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे अवकाश के दौरान बच्चों को ठंड से बचाकर रखें और उन्हें गर्म कपड़ों में ही रखें।

