देहरादून: उत्तराखण्ड के युवाओं के लिए पुलिस विभाग में अधिकारी बनने का सुनहरा अवसर सामने आया है। पुलिस मुख्यालय द्वारा उप निरीक्षक (नागरिक पुलिस/अभिसचूना), प्लाटून कमाण्डर (पीएसी/आईआरबी) और अग्निशमन द्वितीय अधिकारी के कुल 198 पदों पर सीधी भर्ती के लिए उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) को अधियाचन भेज दिया गया है।
पुलिस महानिरीक्षक (कार्मिक) सुनील कुमार मीणा की ओर से आयोग के सचिव को प्रेषित पत्र में सेवा नियमावलियों के तहत इन रिक्त पदों पर चयन प्रक्रिया शुरू करने का अनुरोध किया गया है।
पदों का विवरण
जारी अधियाचन के अनुसार, 198 पदों का वर्गीकरण इस प्रकार है:
| क्र.सं. | पदनाम | पदों की संख्या |
| 1 | उप निरीक्षक नागरिक पुलिस (पुरुष/महिला) | 93 |
| 2 | उप निरीक्षक अभिसूचना (पुरुष/महिला) | 19 |
| 3 | प्लाटून कमाण्डर (पुरुष) पीएसी/आईआरबी | 81 |
| 4 | अग्निशमन द्वितीय अधिकारी | 05 |
| कुल योग | 198 |
सेवा नियमावलियों का हवाला
अधियाचन में स्पष्ट किया गया है कि यह भर्ती प्रक्रिया ‘उत्तराखण्ड वर्दीधारी उप निरीक्षक पदों पर सीधी भर्ती की चयन प्रक्रिया नियमावली’ तथा संशोधित नियमावलियों में निहित प्रावधानों के तहत संपन्न कराई जाएगी। वहीं अग्निशमन द्वितीय अधिकारी पद के लिए अग्निशमन एवं आपात सेवा अधीनस्थ अधिकारी/कर्मचारी सेवा नियमावली के नियमों का पालन किया जाएगा।
यह भी पढ़े: नीम करोली बाबा के किस्से : पढ़िए 2026 में नीम करोली के चमत्कारों की कहानियाँ
जल्द जारी होगी आधिकारिक विज्ञप्ति
अधियाचन मिलने के बाद अब उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की ओर से जल्द ही विस्तृत विज्ञापन जारी किए जाने की उम्मीद है। आधिकारिक विज्ञप्ति के माध्यम से अभ्यर्थियों के लिए शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, शारीरिक दक्षता व मानक परीक्षण (PET/PST) और ऑनलाइन आवेदन की तिथियों की विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी। लंबे समय से पुलिस सब-इंस्पेक्टर भर्ती की तैयारी कर रहे राज्य के युवाओं के लिए यह एक बड़ी राहत भरी खबर है।




