रील प्रतियोगिता 2026। हल्द्वानी: नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम ने शहर के समग्र विकास, रोजगार संवर्धन और नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। युवाओं की रचनात्मक प्रतिभा को मंच देने से लेकर स्थानीय स्तर पर आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने तक, निगम प्रशासन ने कई नए कदम उठाए हैं।
‘हल्द्वानी रील प्रतियोगिता 2026’ और आत्मनिर्भर फूड प्लाजा
मेयर गजराज सिंह बिष्ट ने शहर की नई ‘चौपाटी’ और ‘निजी फूड प्लाजा’ को लेकर जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि स्थानीय रोजगार और उद्यम को बढ़ावा देने वाली आत्मनिर्भर पहल का आधिकारिक वीडियो औपचारिक रूप से जारी कर दिया गया है।
इसी क्रम में स्थानीय युवाओं और कंटेंट क्रिएटर्स को प्रेरित करने के लिए ‘हल्द्वानी रील प्रतियोगिता 2026’ की घोषणा की गई है। इस प्रतियोगिता के विजेता को 51 हजार रुपये तक का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। इसके माध्यम से शहर की सुंदरता, संस्कृति और नवाचार को डिजिटल माध्यम पर प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।
यह भी पढ़े : ग्लेशियर झीलों के जोखिम आकलन के लिए सरस्वती ताल और केदारताल रवाना हुआ विशेषज्ञों का दल
त्वरित समाधान के लिए हेल्पलाइन नंबर 9410727977 शुरू
जनता को निगम की सेवाओं से सीधे जोड़ने और बुनियादी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए नगर निगम ने आधिकारिक हेल्पलाइन नंबर 9410727977 जारी किया है। नागरिक इस नंबर पर संपर्क कर सफाई, स्ट्रीट लाइट, पेयजल या अन्य नागरिक समस्याओं से जुड़ी शिकायतें दर्ज करा सकते हैं, जिन पर प्राथमिकता के आधार पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
शहर भर में स्वागत की तैयारियां
नागरिक विकास कार्यों के साथ-साथ नगर निगम क्षेत्र में राजनीतिक हलचल भी तेज है। नगर निगम की ओर से शहर के विभिन्न प्रमुख चौराहों और स्थानों पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के आगमन पर उनके भव्य स्वागत कार्यक्रम की तैयारियां की जा रही हैं।
मेयर ने दोहराया कि नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम शहर को आधुनिक, स्वच्छ और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर काम कर रहा है।


