काठगोदाम। शनिवार को काठगोदाम क्षेत्र अंतर्गत भुजियाघाट के समीप गौला नदी में एक दर्दनाक हादसा हो गया। नदी में नहाते समय पैर फिसलने से 17 वर्षीय एक किशोर तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। घटना के बाद से पुलिस, एसडीआरएफ (SDRF) और अग्निशमन दल किशोर की तलाश में लगातार सघन तलाशी अभियान चला रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामपुर रोड निवासी अशोक टम्टा का 17 वर्षीय पुत्र आदित्य टम्टा शनिवार को भुजियाघाट के पास गौला नदी में नहाने गया था। नहाते वक्त अचानक उसका संतुलन बिगड़ा और पैर फिसल गया। नदी का बहाव तेज होने के कारण वह संभल नहीं पाया और पानी के तेज वेग में बह गया।
वहां मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने जब किशोर को बहते देखा, तो तुरंत स्थानीय पुलिस को मामले की सूचना दी। सूचना मिलते ही काठगोदाम पुलिस की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए राहत और बचाव के लिए एसडीआरएफ तथा फायर ब्रिगेड की टीमों को भी मौके पर बुलाया गया।
यह भी पढ़े : मां नंदा की लोकजात यात्रा 5 सितंबर से होगी शुरू, कुरुड़ से कैलाश विदाई का पूरा कार्यक्रम तय
बचाव दल नदी के बहाव की दिशा और आसपास के सभी संभावित स्थानों पर बोट व अन्य उपकरणों की मदद से व्यापक सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।
हादसे की खबर मिलते ही किशोर के परिजनों में कोहराम मच गया और उनका रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन और रेस्क्यू टीमें किशोर को सकुशल ढूंढने के प्रयास में जुटी हुई हैं।


