Uttarakhand Weather Alert: उत्तराखंड में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे ने जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD), देहरादून केंद्र ने राज्य के लिए आगामी 15 जनवरी 2026 तक का मौसम पूर्वानुमान और चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक मैदानी इलाकों में घने कोहरे और पर्वतीय क्षेत्रों में पाला पड़ने की संभावना है।
12 जनवरी: मौसम विभाग ने ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। विशेष रूप से हरिद्वार और उधम सिंह नगर जिलों में घने कोहरे और ‘शीत लहर’ की स्थिति बनी रहेगी। वहीं, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जैसे पहाड़ी जिलों में भारी पाला (Frost) गिरने की चेतावनी दी गई है। देहरादून, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत में भी कोहरा छाए रहने की संभावना है।
13 जनवरी को कोहरे का प्रभाव थोड़ा कम हो सकता है, लेकिन हरिद्वार और उधम सिंह नगर के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है। पहाड़ी जिलों जैसे उत्तरकाशी और चमोली में मौसम साफ रहने की उम्मीद है, लेकिन मैदानी और मध्य हिमालयी क्षेत्रों में सुबह के वक्त घना कोहरा और पाला परेशान कर सकता है।
यह भी पढ़े: उत्तराखंड में मकर संक्रांति 2026 | घुघुतिया, उत्तरैणी, मकरैंण और मरोज पर्व का सांस्कृतिक महत्व
14 जनवरी और 15 जनवरी: मकर संक्रांति के आसपास भी ठंड से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। 14 और 15 जनवरी को हरिद्वार, उधम सिंह नगर, देहरादून, पौड़ी और नैनीताल के मैदानी हिस्सों में कोहरे का ‘येलो अलर्ट’ रहेगा। हालांकि, उच्च हिमालयी जिलों में मौसम शुष्क और साफ रहने का अनुमान है।
सावधानी और सुझाव:
मौसम विभाग ने वाहन चलाने वालों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है, क्योंकि घने कोहरे के कारण दृश्यता (Visibility) बहुत कम रह सकती है। साथ ही, बुजुर्गों और बच्चों को शीतलहर से बचने के लिए उचित सुरक्षा उपाय करने को कहा गया है।
