हल्द्वानी: मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज हल्द्वानी स्थित एफटीआई परिसर में आयोजित ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इस अवसर पर उन्होंने जनता से पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी को बढ़ावा देने वाले इस अभियान में सक्रिय रूप से शामिल होने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान पिछले साल शुरू किया गया था और इस साल भी इसे पूरे देश में बड़े उत्साह के साथ चलाया जा रहा है। उत्तराखंड में इस अभियान का विधिवत शुभारंभ हरेला पर्व पर किया गया, जिसमें पहले ही दिन रिकॉर्ड 8,13,000 लोगों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी भागीदारी दर्ज कराई।
मुख्यमंत्री धामी ने इस बात पर जोर दिया कि “प्रकृति संरक्षण हमारा संकल्प है” और देवभूमि उत्तराखंड में यह अभियान पूरे एक महीने तक जारी रहेगा। उन्होंने जनता से इस पवित्र सावन मास में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अवश्य लगाने और प्रकृति के संरक्षण में अपना योगदान देने की अपील की।
यह भी पढ़े: लिंगड़ा: उत्तराखंड की औषधीय गुणों से भरपूर वनस्पति
धार्मिक स्थलों की सुरक्षा और व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने पर जोर
मुख्यमंत्री ने हरिद्वार स्थित मनसा देवी मंदिर में हाल ही में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर दुख व्यक्त करते हुए गहरी संवेदनाएं जताईं। उन्होंने आश्वस्त किया कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए राज्य सरकार ने तत्काल आवश्यक निर्णय लिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी प्रमुख धार्मिक स्थलों पर, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु और तीर्थयात्री आते हैं, वहां व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि इन स्थलों पर श्रद्धालुओं की केयरिंग कैपेसिटी के अनुसार प्रवेश, स्थान का संभावित विस्तार, पार्किंग और ट्रैफिक प्रबंधन, तथा सुरक्षा मानकों के पालन को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि मनसा देवी मंदिर सहित प्रदेश के सभी प्रमुख धार्मिक स्थलों पर ये व्यवस्थाएं सख्ती से लागू की जाएंगी।
यह भी पढ़े: गोलू देवता मंदिर नैनीताल – उत्तराखंड का घंटियों वाला मंदिर
अवैध अतिक्रमण पर भी सरकार सख्त
मुख्यमंत्री धामी ने शहरी क्षेत्रों में अवैध अतिक्रमण को लेकर प्रशासन की सख्ती पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अवैध कब्जों की पहचान कर उन्हें तत्काल हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कदम न केवल सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक है, बल्कि विकास परियोजनाओं की गति बनाए रखने और नागरिकों को सुचारु सुविधाएं उपलब्ध कराने की दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर विधायक श्री बंशीधर भगत, दायित्वधारी श्री दिनेश आर्य, श्री दीपक मेहरा, जिला अध्यक्ष भाजपा श्री प्रताप बिष्ट, डॉ. जोगेन्दर पाल सिंह रौतेला, मजहर नईम नवाब, श्री हुकुम सिंह कुंवर, आयुक्त/सचिव मुख्यमंत्री श्री दीपक रावत, आईजी श्रीमती रिद्धिम अग्रवाल, जिलाधिकारी श्रीमती वंदना सिंह, निदेशक एफटीआई श्री तेजस्विनी अरविंद पाटिल एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।