Uttarakhand Weather Alert: उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र (IMD) देहरादून द्वारा 19 मार्च 2026 को जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, प्रदेश के अधिकांश जिलों में अगले दो दिनों तक भारी बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं का प्रकोप देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है।
अगले 5 दिनों का हाल:
- 20 मार्च (भारी चेतावनी): मौसम विभाग ने 20 मार्च को राज्य के लगभग सभी जिलों (उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, बागेश्वर, देहरादून आदि) के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन दो दिनों में अधिकांश स्थानों पर ‘हल्की से मध्यम’ (LM) वर्षा होने की संभावना है। विभाग ने गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि और झोंकेदार हवाएं (झक्कड़) चलने की चेतावनी दी है। ऊंचे पहाड़ी इलाकों में भारी बर्फबारी के भी संकेत हैं।
- 21 मार्च (येलो अलर्ट): शनिवार, 21 मार्च को बारिश की तीव्रता में थोड़ी कमी आएगी, लेकिन उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जैसे जिलों में येलो अलर्ट रहेगा। यहाँ कहीं-कहीं हल्की वर्षा और गर्जन की संभावना बनी रहेगी।
- 22 से 25 मार्च (राहत की उम्मीद): 22 मार्च से मौसम में सुधार होने की संभावना है। 22 और 23 मार्च को राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा, हालांकि कुछ पहाड़ी इलाकों में बहुत हल्की (VL) वर्षा हो सकती है। 24 और 25 मार्च को भी मौसम विभाग ने कोई बड़ी चेतावनी जारी नहीं की है।
यह भी पढ़े: चारधाम यात्रा 2026: 23 मार्च से शुरू होगी ग्रीन कार्ड बनने की प्रक्रिया, परिवहन विभाग ने कसी कमर
किसानों और यात्रियों को सलाह:
मौसम विभाग ने अचानक होने वाली ओलावृष्टि और तेज हवाओं को देखते हुए किसानों को अपनी फसलों का ध्यान रखने की सलाह दी है। साथ ही, चारधाम रूट और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में यात्रा करने वाले पर्यटकों को मौसम की स्थिति देखकर ही आगे बढ़ने का सुझाव दिया गया है।
राजधानी देहरादून समेत मैदानी इलाकों में भी बादलों की आवाजाही और हल्की बौछारों से तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।
