देहरादून: उत्तराखंड में आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) को लेकर निर्वाचन आयोग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को सचिवालय में मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने और बूथ स्तर पर राजनीतिक दलों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
31 दिसंबर तक 100% बीएलए नियुक्ति का लक्ष्य बैठक के दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. पुरुषोत्तम ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे 31 दिसंबर तक अपने बूथ लेवल एजेंट्स (BLA) की शत-प्रतिशत नियुक्ति सुनिश्चित करें। उन्होंने आंकड़ों को साझा करते हुए बताया कि वर्तमान में प्रदेश के कुल 11,733 पोलिंग बूथों के सापेक्ष केवल 4,155 बूथों पर ही बीएलए नियुक्त हैं।
डॉ. पुरुषोत्तम ने कहा, “निर्वाचन प्रक्रिया में मतदाताओं के साथ-साथ राजनीतिक दलों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। इसलिए यह जरूरी है कि हर पोलिंग बूथ पर दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहें।”
2003 की मतदाता सूची से होगी मैपिंग बैठक में ‘विशेष गहन पुनरीक्षण’ (SIR) के तकनीकी पहलुओं पर भी विस्तृत चर्चा की गई। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्री-SIR फेज में एक विशेष मैपिंग प्रक्रिया अपनाई जाएगी:
- 40 वर्ष तक के मतदाता: वर्तमान मतदाता सूची में शामिल लगभग 40 वर्ष तक की आयु के ऐसे मतदाता, जिनके नाम 2003 की मतदाता सूची में दर्ज थे, उनकी सीधे बीएलओ (BLO) ऐप के माध्यम से मैपिंग की जाएगी।
- प्रोजनी (Progeny) मैपिंग: 40 वर्ष से कम आयु के ऐसे मतदाता, जिनका नाम 2003 की सूची में नहीं है, उनकी मैपिंग उनके माता-पिता या दादा-दादी के नाम के आधार पर ‘प्रोजनी’ के रूप में की जाएगी।
आम जन और राजनीतिक दल वर्ष 2003 की मतदाता सूची को मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट ceo.uk.gov.in और चुनाव आयोग की वेबसाइट voters.eci.gov.in पर देख सकते हैं।
बैठक में ये रहे मौजूद इस बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चंद्रा, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास और स्वीप नोडल विनय कुमार उपस्थित थे।
राजनीतिक दलों की ओर से कांग्रेस से मनोज रावत व अमेंद्र बिष्ट, भाजपा से कुंदन परिहार व राजकुमार पुरोहित, आम आदमी पार्टी से जसवीर सिंह, सीपीआई (एम) से अनंत आकाश और बीएसपी से दिग्विजय सिंह व प्रमोद कुमार गौतम ने हिस्सा लिया।
