देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज देहरादून नगर निगम के 27वें स्थापना दिवस समारोह में शिरकत की। इस विशेष अवसर पर मुख्यमंत्री ने शहरवासियों को बड़ी सौगात देते हुए लगभग ₹46 करोड़ की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने देहरादून को एक आधुनिक, स्वच्छ और सुरक्षित शहर बनाने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
27 वर्षों का सफर और आधुनिकता की ओर बढ़ते कदम समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि पिछले 27 वर्षों में नगर निगम ने नागरिक सुविधाओं के विस्तार और शहरी प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि यह अवसर केवल उपलब्धियों का जश्न मनाने का नहीं, बल्कि भविष्य की चुनौतियों को देखते हुए विकास के सपनों को धरातल पर उतारने का भी है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि आज देश में शहरी विकास को एक नई दिशा मिली है। अमृत योजना और स्मार्ट सिटी मिशन जैसी पहलों ने शहरों की तस्वीर बदल दी है।
देहरादून के कायाकल्प के लिए ₹1400 करोड़ की योजनाएं सीएम धामी ने जानकारी दी कि देहरादून को एक विकसित शहर के रूप में स्थापित करने के लिए सरकार वर्तमान में ₹1400 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं पर काम कर रही है।
- कचरा प्रबंधन: शहर में कचरा निस्तारण के लिए आधुनिक ‘मैकेनाइज्ड ट्रांसफर स्टेशन’ (Mechanized Transfer Station) बनाए गए हैं और कूड़ा वाहनों की रियल टाइम मॉनिटरिंग के लिए ‘ICCC’ की स्थापना की गई है।
- हरित क्षेत्र: शहर को हरा-भरा बनाने के लिए 35 पार्कों का निर्माण किया गया है। साथ ही, केदारपुरम में ‘योगा थीम’ पर आधारित शहर का सबसे बड़ा पार्क बन रहा है। वीर बलिदानियों की स्मृति में 50 हजार वर्ग मीटर से अधिक हरित क्षेत्र विकसित किया जा रहा है।
यह भी पढ़े: सिद्धबली मंदिर, कोटद्वार : इतिहास, मान्यता और पूजा-पद्धति | सिद्धबली मेला 2025
ट्रैफिक समस्या का हल: रिस्पना और बिंदाल पर एलिवेटेड रोड शहर में बढ़ती ट्रैफिक समस्या और पार्किंग की चुनौती पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विभिन्न स्थानों पर भूमिगत पार्किंग (Underground Parking) का निर्माण जारी है। इसके अलावा, ट्रैफिक दबाव को कम करने के लिए रिस्पना और बिंदाल नदियों के ऊपर ‘एलिवेटेड रोड’ (Elevated Road) बनाने की योजना तैयार की जा रही है, जो शहर के यातायात के लिए गेम-चेंजर साबित होगी।

स्वच्छता और पर्यावरण में देहरादून की लंबी छलांग मुख्यमंत्री ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण के लिए शहर में 30 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जा रहा है और 11 चार्जिंग स्टेशन बनाए गए हैं। सरकार के प्रयासों का ही नतीजा है कि:
- ‘नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम’ (National Clean Air Programme) के तहत स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में देहरादून ने देशभर में 19वां स्थान हासिल किया है।
- राष्ट्रीय स्वच्छता रैंकिंग में सुधार करते हुए इस वर्ष देहरादून ने 62वां स्थान प्राप्त किया है।
नदी पुनर्जीवन और कर्मचारी सम्मान शहर की नदियों को बचाने के लिए ‘Renew Rispana’ अभियान भी चलाया जा रहा है। कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने नगर निगम के उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर मेयर सौरभ थपलियाल ने देहरादून को पर्यावरण अनुकूल शहर बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, विधायक खजान दास, विनोद चमोली, उमेश शर्मा काऊ और नगरायुक्त नमामि बंसल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
